मुकेश खन्ना ने अक्षय कुमार की फ़िल्म लक्ष्मी बम पर साधा निशाना

791

नई दिल्ली। कपिल शर्मा को अपने तरकश से निकले नुकीले शब्द-बाणों वेधने के बाद महाभारत के भीष्म-पितामह यानी मुकेश खन्ना ने अब अक्षय कुमार की फ़िल्म लक्ष्मी बम पर निशाना साधा है। मुकेश ने फ़िल्म के शीर्षक पर सख़्त एतराज़ उठाते हुए कहा कि लक्ष्मी के आगे बम लगाना शरारत से भरा लगता है।

9 नवम्बर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही लक्ष्मी बम

दिवाली के मौक़े पर 9 नवम्बर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही लक्ष्मी बम काफ़ी समय से सोशल मीडिया में बहस का केंद्र बनी हुई है। अब इसमें मुकेश खन्ना भी शामिल हो गये हैं। वेटरन एक्टर ने इंस्टाग्राम पर एक लम्बी पोस्ट लिखकर कुछ सवाल उठाये हैं। मुकेश खन्ना ने लिखा- क्या लक्ष्मी बम टाइटल से कोई फ़िल्म रिलीज़ होनी चाहिए? इस पर पूरे देश में बहस छिड़ी हुई है। कुछ लोग फ़िल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं। मुझसे पूछो को फ़िल्म बैन जायज़ नहीं है, क्योंकि किसी ने फ़िल्म अभी देखी नहीं है। सिर्फ़ ट्रेलर देखा है। फ़िल्म अभी बाक़ी है।

इसलिए टाइटल की बात करते हैं। लक्ष्मी के आगे बम जोड़ना शरारत से भरा लगता है। कमर्शियल इंटरेस्ट की सोच लगता है। क्या इसे अनुमति देनी चाहिए? ज़ाहिर है, नहीं। क्या आप अल्लाह बम या बदमाश जीसस फ़िल्म का नाम रख सकते हैं? ज़ाहिर है नहीं। तो फिर लक्ष्मी बम कैसे।

यह धृष्टता फ़िल्मी लोग इसलिए करते हैं कि

वो जानते हैं कि इसमें शोर मचेगा। लोग चिल्लाएंगे। फिर चुप हो जाएंगे। लेकिन, लगे हाथों फ़िल्म का प्रमोशन हो जाएगा। फ़िल्म तो रिलीज़ होनी ही है। लोग टूट पड़ेंगे फर्स्ट डे थिएटर पर देखने के लिए कि क्या है फ़िल्म में? क्या है फ़िल्म के टाइटल का मतलब? यह होता आया है। होता रहेगा। इसे रोकना पड़ेगा।

और यह जनता-जनार्दन या पब्लिक ही कर सकती है। एक बात तो साफ़ है। इन कमर्शियल लोगों में हिंदुओं का डर या ख़ौफ़ रत्ती भर भी नहीं है। वो उन्हें सहिष्णु मानते हैं। सॉफ़्ट टारगेट समझते हैं। उन्हें पता है, किसी और धर्म या समुदाय से यह पंगा लेने पर तलवारें निकल आएंगे। इसलिए उनको लेकर फ़िल्म के टाइटल नहीं बनते।मुकेश खन्ना अंत में लक्ष्मी बम को डिफ्यूज़ करने को कहते हैं।

‘लक्ष्मी बम’ में हॉरर और थ्रिल के साथ कॉमेडी का भी ज़बरदस्त तड़का है। यह तमिल ब्लॉकबस्टर ‘मुनि 2- कंचना’ का आधिकारिक रीमेक है। अक्षय ने एक्शन, ड्रामा, इमोशन से लेकर कॉमेडी फ़िल्में की हैं, मगर इस बार वो अलग ही रंग में हैं। भूलभुलैया के बाद अक्षय की यह दूसरी हॉरर-कॉमेडी है।

Leave a Reply