अब 22 जुलाई को लॉन्च होगा चंद्रयान-2

4386

बेंगलुरु: भारत के बहुप्रतीक्षित लूनर मिशन चंद्रयान-2 को अब 22 जुलाई को लॉन्च करने का फैसला किया गया है। पहले इसे 15 जुलाई को लॉन्च किया जाना था लेकिन तकनीकी खराबी के कारण लॉन्च टाल दिया गया। इंडियन स्पेस रीसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) ने ट्वीट कर इस बारे में पुष्टि की। लॉन्च टलने के बाद 21 और 22 जुलाई के बीच दोबारा कोशिश पर विचार किया जा रहा था और अंत में 22 जुलाई की तारीख तय की गई।

22 जुलाई को होगा लॉन्च

इसरो की ओर से आधिकारिक सूचना दी गई है कि 22 जुलाई को दोपहर 2:43 बजे चंद्रयान-2 को लॉन्च किया जाएगा। गौरतलब है कि पहले लॉन्च 15 जुलाई को होना था लेकिन जीएसएलवी एमकेlll में क्रायॉजनिक स्टेज पर ऐन मौके पर लीक होने से इसे टालना पड़ा। बता दें कि हर लॉन्च में एक समय सीमा होती है जिसके अंदर वे नतीजे मिलने की संभावना होती है, जिनके लिए लॉन्च किया जा रहा है। 15 जुलाई को यह समय सबसे ज्यादा 10 मिनट का था लेकिन इसरो के पास बाकी महीने में हर दिन एक मिनट का समय है।

खास वक्त में लॉन्च जरूरी

वैज्ञानिकों के मुताबिक 31 जुलाई तक न लॉन्च कर पाने की स्थिति में चंद्रयान के लिए ज्यादा ईंधन की जरूरत होगी। इसके अलावा फिलहाल चंद्रयान का लक्ष्य एक साल तक चांद का चक्कर लगाने का है लेकिन सही समय पर लॉन्च न होने से यह वक्त 6 महीने तक भी घट सकता है। संभावित लॉन्च को देखते हुए 18 जुलाई से लेकर 31 जुलाई तक दोपहर 2 बजे से लेकर 3:30 बजे तक के लिए अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply