पार्टी चाहेगी तो तो चुनाव लड़ेंगेः जोशी

997

नगर पालिका का कार्यकाल खत्म होने से पहले नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाशचंद्र जोशी ने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान समय पर किया जा सका। जो दूसरी समस्याएं या विकास कार्यक्रम पूरे होने के लिए रह गए हैं। पूरा विश्वास है कि अगला बोर्ड जो भी चुनकर आएगा वह इस दिशा में गतिशील होकर काम करेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। इस पर उनका कहना था कि पार्टी यदि उनके नाम को फिर हरी झंडी देगी तो चुनाव लड़ेंगे और जनता का विश्वास जीतेंगे।

नगर पालिका सभागार में पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाशचंद्र जोशी ने कहा कि जब उन्होंने अध्यक्ष पद संभाला था। तब कर्मचारियों की अनेक समस्याएं सामने थीं। उनकी पेंशन, ग्रेच्युटी सहित वेतन का भुगतान समय पर नहीं हो पा रहा था। बोर्ड के सदस्यों के साथ मिलकर इन समस्याओं से हम उबर सके। उनका कहना था कि लगभग 14 करोड़ रुपये की देनदारी पालिका के ऊपर थी। जिसे अपने संसाधनों से पालिका ने पूरा कर भुगतान कर दिया है।

अध्यक्ष ने कहा कि जो विकास कार्यक्रम अधूरे रह गए हैं उनको पूरा करने का काम अगली बोर्ड के सदस्य करेंगे। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था में आशातीत सुधार हुआ है लेकिन इसको और व्यवस्थित करने की जरूरत है। इस दिशा में पालिका कर रही है।

अंडर-ग्राउंड डस्टबिन निर्माण के लिए दिए 30 लाख

पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगर में कूड़े का निस्तारण समय पर व व्यवस्थित तरीके से हो इसके लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने अंडरग्राउंड डस्टबिन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये भी निर्माण एजेंसी को दिए हैं। अभी इस पर काम शुरू नहीं हो सका है। उनका कहना था कि विकास कार्यों को हर वार्ड में प्राथमिकता के साथ कराया गया। जो काम अधूरे हैं उनमें टम्टा धर्मशाला, टाउनहाल का निर्माण कराया जाना प्रमुख है।

पूरे नगर के हर वार्ड की रोड को सीसी कराया गया है। इसके साथ ही इस कार्यकाल में ही आधा दर्जन से अधिक पर्यावरण मित्रों का विनियमतीकरण कराने में हम सफल हुए हैं। जो लोग बचे हैं उनका भी कराए जाने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply