महिलाओं ने होली महोत्सव में बिखेरे रंग

1357

महिला कल्याण संस्था की ओर से होली महोत्सव का आयोजन जारी है। होली महोत्सव के दूसरे दिन अल्मोड़ा की विभिन्न होली टीमो ने परंपरागत होली गीत और स्वांग की प्रस्तुति दी। इससे पूर्व शुक्रवार को देर रात्रि तक पहली बार पुरुषों की बैठक होली का आयोजन किया जिसमें नगर भर के होली गायकों और संगीत प्रेमीयों ने शिरकत की। नंदा देवी के प्रांगण में होली महोत्सव के दूसरे दिन अल्मोड़ा की होली टीमों ने होली के विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये।

महोत्सव में महिला टीमों की प्रस्तुति से पूर्व पुष्पांजलि जोशी ने उड़ीसी नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद महिला टीमों ने एक एक कर मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान महिला टीमों ने अनेक परंपरागत होलियों का गायन किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की इस दौरान आंनद सिंह बगडवाल बतौर विशिष्ठ अतिथि मौजूद रहे। महिला कल्याण संस्था ने पहली बार पुरूषो की बैठकी होली का आयोजन भी कराया।

बैठकी होली की शुरुआत वरिष्ठ होली गायक अमरनाथ भट्ट ने राग पीलू में ‘सब दुख दूर करो मोरे भोले का गायन कर किया। होली गायक हेम पांडे ने राग पीलू में ‘वृज में उड़त गुलाल होली गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। होली गायक निर्मल पंत ने काफी में ‘ऐसो रास रचाई बिरज में धूम मचाई। गायक अनिल सनवाल ने राग जंगला काफी में ‘मोपे डारो न रंग कन्हाई प्रस्तुत की। राग खमाज में ‘मै तुमसो खेलूंगी होली का गायन होली गायक कंचन तिवारी ने किया।

सिद्ध नौला से निकलेगा सांस्कृतिक जुलूस

रविवार को अल्मोड़ा और अन्य जिलों से आई होली टीमों के बीच होली प्रतयिोतिा का आयोजन किया जायेगा। संस्था की अध्यक्ष रीता दुर्गापाल ने बताया कि रविवार को सुबह 11 बजे से थाना बाजार स्थित सिद्ध नौला से सांस्कृतिक जलूस निकाला जायेगा। सांस्कृतिक जलूस बाजार होते हुए नंदा देवी प्रांगण पहुंचेगा जहां पर होली प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान सभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चैहान एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक कैलाश शर्मा और मनोज तिवारी मौजूद रहेंगे।

Leave a Reply