देहरादून: LPG Cylinder व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कमर्शियल गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने के चलते कमर्शियल गैस कनेक्शन धारकों को काफी अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही वर्तमान समय में उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा चल रही है और अगले महीने से चारधाम की यात्रा शुरू होने जा रही है. ऐसे में आगामी चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हितधारकों ने व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति न होने पर पर्यटन व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका जताई है. इसको देखते हुए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव आनंद स्वरूप ने एसओपी जारी कर दी है.
उत्तराखंड सरकार ने LPG के लिए जारी की SOP
एसओपी के अनुसार प्रदेश के सभी व्यावसायिक गैस सिलिंडर कनेक्शन धारकों को रोजाना 2650 सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे. सिलिंडर वितरण के लिए, राज्य की 03 आपूर्तिकर्ता तेल एवं गैस कंपनियों यानि आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल को उनकी वर्तमान बाजार में हिस्सेदारी के अनुसार निर्धारित किया जायेगा. इसके साथ ही जारी एसओपी में कहा गया है कि यह तीनों आपूर्तिकर्ता कंपनियां, कमर्शियल गैस की आपूर्ति करेंगे और इसकी जानकारी संबंधित जिलाधिकारी को भी देंगी. क्योंकि, व्यवसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति न होने पर पर्यटन व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका है, जो राज्य के आर्थिक हितों के प्रतिकूल हो सकता है.
गैस कंपनियों की सहमति से जारी हुई एसओपी
दरअसल, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MP&NG) भारत सरकार की ओर से जारी दिशा निर्देशों के आधार पर राज्य में अस्पतालों और शैक्षिक संस्थानाें की मांग के अलावा दैनिक आवश्यकता का 20 फीसदी तक उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है. इसको लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समिति और सभी जिलाधिकारियों की बैठक में तमाम व्यवसायों के लिए प्राथमिकता क्षेत्र निर्धारित करने के लिए निर्देशित किया गया था. जिसके चलते अग्रिम आदेशों तक कमर्शियल गैस सिलिंडर के आवंटन के लिए राज्य स्तरीय समिति के परामर्श और राज्य की तीनों गैस वितरण कंपनियों की सहमति पर एसओपी जारी की गई है.
जिलेवार गैस कनेक्शन के हिसाब से मिलेंगे कमर्शियल गैस सिलिंडर
कमर्शियल गैस सिलिंडरों को जिलेवार उनके गैस कनेक्शन की संख्या के आधार पर आवंटित किया जाएगा. इसके तहत देहरादून जिले में 31 फीसदी, टिहरी जिले में 4, हरिद्वार जिले में 13, पौड़ी जिले में 4, रुद्रप्रयाग जिले में 5, उत्तरकाशी जिले में 4, चमोली जिले में 6, नैनीताल जिले में 13, बागेश्वर जिले में 2, अल्मोड़ा जिले में 4, ऊधमसिंह नगर जिले में 9, पिथौरागढ़ जिले में 3 और चम्पावत जिले में 2 फीसदी कमर्शियल गैस सिलिंडर वितरण के लिए आवंटित किए गए हैं.
इन सेक्टर में उपलब्ध कराए जाएंगे व्यावसायिक गैस सिलिंडर (LPG Cylinder)
फार्मास्यूटिकल (लाइफ सेविंग ड्रग) कंपनियों को रोजाना 190 सिलिंडर
होटल एवं रिजॉर्ट को रोजाना 750 सिलिंडर
रेस्टोरेन्ट एवं ढाबा को रोजाना 1000 सिलिंडर
सरकारी एवं सरकारी नियन्त्रण के गेस्टहाउस को रोजाना 150 सिलिंडर
डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण को रोजाना 130 सिलिंडर
औद्योगिक कैंटीन को रोजाना 150 सिलिंडर
पेइंग गेस्ट सुविधा वाले छात्रों के आवास को रोजाना 150 सिलिंडर
होम स्टे तथा स्वयं सहायता समूहों के प्रतिष्ठान को रोजाना 130 सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे








































