निराधार आरोप लगाकर देश का माहौल खराब करना चाहती है कांग्रेस: तीरथ

1013

रामनगर में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस निराधार आरोप लगाकर देश का माहौल खराब करना चाहती है, जबकि उनकी सरकार पलायन रोकने के लिए गंभीर है। पलायन आयोग भी गठित कर दिया है। रविवार को राष्ट्रीय सचिव लोनिवि विश्राम गृह में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। वार्ता के दौरान पलायन को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद पलायन बढ़ा है। पिछली सरकारें पलायन नहीं रोक पाई। अब राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर पलायन रोकने की दिशा में काम कर रही है।

रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा टोलटैक्स के मामले में किए गए हंगामे के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो प्रदेश अध्यक्ष इस मामले का संज्ञान लेगी। साथ ही कहा कि जनप्रतिनिधियों को सहनशीलता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उज्ज्वला योजना में गैस प्रदान करने, लोगों के बैंक खाते खोलने, राशन प्रणाली को ऑनलाइन करने, गांव में विद्युतीकरण करने, सिंचाई योजना के तहत गांव में सिंचाई की व्यवस्था करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने समेत अनेक कार्य कर रही है।

संगठन की मजबूती पर दिया जोर

वार्ता के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर दिया। कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे राज्य तथा केंद्र की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। लोगों की समस्याओं को भी सरकार को बताने में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इससे क्षेत्र का विकास भी होगा और संगठन का दायरा भी बढ़ेगा। विकास के दम पर भाजपा 2019 में भी सत्ता पर काबिज होगी।

Leave a Reply