महिला समूहों की स्वच्छ भारत मिशन में भूमिका महत्वपूर्णः बिष्ट

1184

दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह व स्वायत्त सहकारिता की एक दिवसीय बैठक नगर पालिका सभागार में संपन्न हुई। पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी और जिला परियोजना प्रबंधक महेंद्र सिंह बिष्ट ने दीनदयाल अन्त्योदय योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

समय-समय पर सफाई अभियान चला रही हैं महिलाएं

अधिकारियों ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत अब तक 32 स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 350 महिलाओं को इस योजना से जोड़ा गया है। महिलाएं सूक्ष्म उद्योग, हथकरघा, डेरी पालन, सब्जी उत्पादन जैसे कार्य कर स्वरोजगार से जुड़ी हैं। समूहों से जुड़ी महिलाएं स्वच्छ भारत मिशन के तहत समय-समय पर सफाई अभियान चला रही हैं। पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती ने कहा कि शतप्रतिशत स्वच्छता में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाएं अपने घर की तरह पूरे परिवेश को साफ सुथरा रखने का कार्य बेहतर ढंग से कर सकती हैं।

इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सहायता समूह लिन्ठ्युड़ा और नंदी स्वयं सहायता समूह लिन्ठ्युड़ा को आवर्ती कोष के लिए दस हजार का चैक प्रदान किया। बैठक के दौरान महिला उत्थान सहकारिता समिति की अध्यक्ष पार्वती खंपा को पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में सभासद मंजू बिष्ट, हरीश बिष्ट एवं स्वयं सहायता समूह की 100 से अधिक महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply