मुख्यमंत्री ने जनता के सामने भाजपा सरकार की गिनाई उपलब्धियां

1001

थराली विधानसभा उपचुनावों की कमान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अब अपने हाथों में ले ली है। मुख्यमंत्री ने जनसभाएं कर जनता के सामने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी के पक्ष में वोट की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए मुन्नी देवी शाह को यह समझकर वोट करें कि वो सीएम को वोट कर रहे हैं।

नारायणबगड़ के जखोलीसिमार-परखाल, थराली के लोल्टी व सोलडुंग्री में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि विगत एक साल में उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिरूल नीति भी सरकार द्वारा बनाई जा रही है। पिरुल के जरिए हर साल 150 मेगावाट बिजली उत्पादन के साथ 60 हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।

इस मौके पर राज्यमंत्री धन सिंह रावत, भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह, यमकेश्वर विधायक ऋतु खंडूड़ी, विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चैहान, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, कर्णप्रयाग विधायक, सुरेंद्र सिंह नेगी, बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट भी शामिल थे।

मुख्यमंत्री की नारायणबगड़ में आयोजित जनसभा में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह ने भी जनसभा को संबोधित किया। कहा उनके दिवंगत पति स्व. मगन लाल शाह ने क्षेत्र के विकास को जो योजनाओं के सपने देखे थे उन योजनाओं को पूरा करना ही उनका मकसद है। उन्होंने कहा कि अपने पति के कार्यों को पूरा कर ही वह उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके लिए उन्होंने जनता का आशीर्वाद मांगा। मुन्नी देवी के मार्मिक भाषणों पर जनसभा में मौजूद कई महिलाओं की आंखों में आंसू तक छलक आए।

अनपढ़ कहने पर भड़केे भाजपा विधायक

थराली उपचुनावों में भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह को अनपढ़ कहने की चर्चाओं पर यमकेश्वर की भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी व मुन्ना सिंह चैहान जनसभा में भड़क गए। उन्होंने जनसभा में कहा कि महिला को अनपढ़ कहना मातृ शक्ति व नारी शक्ति का अपमान है। इस बात पर मुख्यमंत्री भी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी माता भी अनपढ़ महिला थीं। लेकिन आज उनकी ही शिक्षा से वे इस पद पर पहुंचे हैं। सीएम ने कहा कि इस तरह की बातें अशोभनीय है व यह नारी शक्ति का अपमान है।

Leave a Reply