![video](https://page3news.in/wp-content/uploads/2024/07/jal-sanrakshan_02-july-mp4-1.jpg)
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे का आज दूसरा दिन है। उनके इस दौरे की शुरुआत गुजरात की राजधानी अहमदाबाद से हुई थी। यहां पर उन्होंने मोटेरा में बने दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में करीब एक लाख लोगों को संबोधित भी किया। इस संबोधन में उन्होंने कई बातों का जिक्र किया, जिसमें क्षेत्रीय शांति से लेकर आतंकवाद और कारोबार का मुद्दा भी शामिल था। इस दौरे पर ट्रंप के अलावा जिस पर सबसे अधिक लोगों की निगाहें जमी रहीं और जो सबसे अधिक सुर्खियों में रही उसका नाम इवांका ट्रंप है। इसकी वजह सिर्फ उनका अपना व्यक्तित्व तो है ही इसके अलावा भी इस दौरे में उनकी एक अलग पहचान रही है।
आपको बता दें कि इवांका और उनके पति जेयर्ड कुशनर राष्ट्रपति ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकारों में शामिल हैं। इन दोनों का व्हाइट हाउस में ऑफिस भी है।
इवांका और कुशनर की विदेश नीति कहें या उनकी सलाह, लेकिन ये दोनों ही ट्रंप के विश्वासपात्र हैं।
कुशनर और इवांका की सलाह के बाद ही राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल और फिलीस्तीन के बीच विवाद की वजह बने येरुशलम को इजरायल का हिस्सा घोषित किया था।
इन दोनों की भूमिका उत्तर और दक्षिण कोरिया विवाद को कम करने में भी काफी अहम रही है। किम जोंग उन के साथ अब तक हुई तीनों मुलाकातों में ट्रंप के साथ इवांका भी मौजूद रही थीं।
आपको बता दें कि इवांका ट्रंप का ये दूसरा भारत दौरा है। इससे पहले वह वर्ष 2018 में हैदराबाद में आयोजित एंटरप्रिन्योर समिट में हिस्सा लेने भारत आई थीं। उनका ये दौरा बेहद छोटा था। इस दौरे में उनके साथ उनके पति कुशनर शामिल नहीं थे।
आपको ये भी बता दें कि कुशनर और इवांका की भूमिका ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव कैंपेन और उन्हें जिताने में बेहद खास रही थी। गौरतलब है कि ट्रंप का ये पहला ऐसा विदेश दौरा है जिसमें वह अपने परिवार के साथ किसी एक देश की यात्रा पर निकले हैं।
वर्ष 2016 में हुए अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कुशनर ने जहां सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया की जिम्मेदारी संभाली थी, वहीं इवांका ने कई रैलियां आयोजित कर ट्रंप की जीत की जमीन तैयार की थी।
इवांका और ट्रंप की आपसी ट्यूनिंग काफी बेहतर है। यही वजह है कि ट्रंप उनकी सलाह को मानते भी हैं। मौजूदा दौरे में भी उनकी भूमिका काफी अहम है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के इस दौरे में ट्रंप के अलावा इवांका भी सुर्खियों में छाई रही हैं। मीडिया में उनकी क्यूट स्माइल से लेकर उनकी चाल-ढाल और यहां तक की उनकी ड्रेस को लेकर भी कई तरह की खबरें छपी हैं।
भारत दौरे के पड़ाव में जब ट्रंप आगरा में ताजमहल देखने पहुंचे थे तो वहां पर इवांका और कुशनर भी साथ थे। इस दौरान मीडिया के कैमरे लगातार इन दोनों की तस्वीरों को कैद करने में दिखाई दिए।
![video](https://page3news.in/wp-content/uploads/2024/07/mahila-samagr-2-mnt-mp4-1.jpg)