Mulayam Singh Yadav Death: 82 वर्ष की आयु में मुलायम सिंह यादव का निधन

269

नई दिल्ली। Mulayam Singh Yadav Death:   उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में आज (10 अक्टूबर) सुबह 8:16 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। पिछले कुछ दिनों से सपा नेता की हालत गंभीर बनी हुई थी। 22 नवंबर, 1939 को जन्मे मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक थे, जिन्होंने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में भी कार्य किया। वे 10 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद चुने गए थे।

Recruitment Scam में पूर्व अध्यक्ष, सचिव सहित 3 गिरफ्तार, CM धामी की हामी के बाद STF का एक्शन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिग्गज राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से देश में संघर्ष और समाजवाद के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के राजकीय शोक की भी घोषणा की और कहा कि दिग्गज नेता का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

01:52 PM, 10 Oct 2022
उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति – तेजस्वी यादव

मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav Death) के निधन पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शोक जताया। तेजस्वी यादव ने कहा- नेता जी की तबियत का ज़ायजा लेने कुछ दिन पहले लालू जी और मैं मेदांता अस्पताल गए थे। आज सुबह उनकी निधन की खबर मिली जिससे हम दुखी हैं। उनके जाने से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में क्षति हुई है। उनके जाने से हमें काफी दुख है।

01:45 PM, 10 Oct 2022
मुलायम सिंह यादव ने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया – लालू प्रसाद यादव

RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। लालू प्रसाद यादव ने कहा- मुलायम सिंह यादव हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने देश में समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाया था। हमारे और उनके संबंध पारिवारिक हैं। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।

01:42 PM, 10 Oct 2022
उनकी सादगी को हमेशा किया जाएगा याद – गुलाम नबी आजाद

गुलाम नबी आज़ाद ने मुलायम सिंह यादव के निधन (Mulayam Singh Yadav Death) पर शोक जताया। गुलाम नबी आज़ाद ने कहा – यह दुख की बात है कि वे आज हमारे बीच में नहीं हैं। उनकी सादगी को हमेशा याद किया जाएगा। जब तक वे राजनीति में रहे वे हमेशा गरीबों, किसानों और मजदूरों के बीच में रहे। हमारी बहुत सारी यादे उनके साथ हैं।

01:38 PM, 10 Oct 2022
मुलायम सिंह यादव का जाना देश के लिए एक क्षति – ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुलायम सिंह यादव के निधन को देश के लिए एक क्षति बताया। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- मुलायम सिंह यादव आज हमारे बीच में नहीं रहे। उनका जनसेवा का इतिहास रहा है और हमेशा जनता के बीच में रहे हैं। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों का धैर्य बनाए रखे। यह देश के लिए एक क्षति है।

01:29 PM, 10 Oct 2022
वे सपा की आवाज रहे – लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। ओम बिड़ला ने कहा, वे सपा की आवाज़ रहे,उनकी 16-17वीं लोकसभा में मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला।उनकी बढ़ती उम्र व स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद उनका लोकसभा में आना और अपने विचार व्यक्त करना उनका लोकतंत्र के प्रति विश्वास को दर्शाता था।मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है।

01:26 PM, 10 Oct 2022
प्रदेश की राजनीति के वे 5 दशक तक केंद्र बिंदू रहें – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, प्रदेश की राजनीति के वे 5 दशक तक केंद्र बिंदू रहें। उन्होंने एक अहम भूमिका का निर्वहन देश और राज्य की राजनीति में किया। मैं दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उनके परिवार, समर्थकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करात हूं। मुलायम सिंह यादव जी एक जुझारू और संघर्षी नेता थे। समाजवादी पार्टी से जुड़े एक महत्वपूर्ण स्तंभ थे।

01:20 PM, 10 Oct 2022
बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिन का राजकीय शोक किया घोषित

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन (Mulayam Singh Yadav Death) पर बिहार सरकार ने 10 अक्टूबर को एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

12:45 PM, 10 Oct 2022
सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर जताया दुख

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

12:45 PM, 10 Oct 2022
मुलायम सिंह यादव ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे – राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

12:29 PM, 10 Oct 2022
मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर सैफई के लिए रवाना

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल से सैफई के लिए ले जाया जा रहा।

12:20 PM, 10 Oct 2022
हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को आगे बढ़ाया – PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती

मुलायम सिंह यादव पर PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा- वह बड़े नेता थे। वह धर्मनिरपेक्ष नेता थे जिन्होंने पिछड़ी जातियों के लिए काम कर उन्हें सशक्त किया। उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ डटकर मुकाबाला किया। उन्होंने जिस तरह से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को आगे बढ़ाया हमें उनसे सीखना चाहिए।

12:14 PM, 10 Oct 2022
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अखिलेश यादव को लिखा पत्र, कहा- वह उच्च सम्मान के नेता थे

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, वह उच्च सम्मान के नेता थे, जिनका हर कोई सम्मान करता था। भगवान आपको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

12:09 PM, 10 Oct 2022
शिवराज सिंह चौहान ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर जताया शोक

मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा- वे वरिष्ठ नेता थे, उन्होंने UP की राजनीति की धारा बदल दी थी। समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने में उनका बेहद महत्वपूर्ण योगदान था… ज़मीन जुड़े रहकर उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता की सेवा की। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

12:03 PM, 10 Oct 2022
मुलायम सिंह यादव को राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने दी श्रद्धांजलि

मुलायम सिंह यादव के निधन पर राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने श्रद्धांजलि दी। कलराज मिश्र ने कहा- मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से दुखी हूं। वह संघर्ष के जरिए और सैद्धांतिक पक्ष को मजबूत रखते हुए आगे बढ़े थे। वह राजनीति दृष्टि से परिपक्व थे। हर दल के लोग उनसे संबंधित थे। हम दोनों का अच्छा संबंध था। भगवान उनके परिवार, समर्थकों को शक्ति दे।

11:58 AM, 10 Oct 2022
आज एक युग का अंत हुआ – RJD सांसद व नेता मनोज झा

मुलायम सिंह यादव के निधन पर RJD सांसद व नेता मनोज झा ने श्रद्धांजलि दी। मनोज झा ने कहा – आज एक युग का अंत हुआ है। एक ऐसा युग जिसने राजनीति को राजमहल से मुक्त कर सड़कों, गांवों तक ले गए। मैं समझता हूं कि इस क्षति की भरपाई कोई नहीं कर सकता… भगवान उनके परिवार, समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

11:57 AM, 10 Oct 2022
अमित शाह ने मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।

11:51 AM, 10 Oct 2022
कल सैफई में होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार

समाजवादी पार्टी (SP) ने ट्वीट कर बताया आदरणीय नेताजी का आज दिनांक 10/10/2022 को सुबह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को सैफ़ई ले जाया जा रहा है। कल दिनांक 11/10/2022 को दोपहर तीन बजे सैफई में अंतिम संस्कार होगा।

11:32 AM, 10 Oct 2022
नेता जी सबके प्रिय थे – केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दुख जताया। पीयूष गोयल ने कहा- नेता जी सबके प्रिय थे, उन्होंने लंबा समय देश के लिए राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से अपना जीवन समर्पित किया। उत्तर प्रदेश और पूरे देश के लिए क्षति है। उनका आशीर्वाद हमेशा मुझे मिला।भगवान उनकी आत्मा को शांति दे और पूरे परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।

11:29 AM, 10 Oct 2022
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- मुलायम सिंह यादव के निधन से हम काफी दुख में है

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा- वह हमारे बीच में नहीं रहे इससे हमें काफी दुख है। मैं अपनी और हरियाणा सरकार की तरफ से उनके लिए भगवान से शांति की प्रार्थना करता हूं।

11:25 AM, 10 Oct 2022
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे

मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह 8:15 बजे अंतिम सांस ली। वह 22 अगस्त से मेदांता में भर्ती थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे।

11:17 AM, 10 Oct 2022
फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने मुलायम सिंह यादव को बताया ‘ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता’

सपा नेता मुलायम सिंह यादव के निधन (Mulayam Singh Yadav Death) पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फ़ारुख़ अब्दुल्ला ने कहा- वह बड़े नेता थे जिसे देश को जरूरत थी। वह ज़मीन और लोगों से जुड़े नेता थे। वह संसद में ऐसी बातें बोलते थे जो हुकूमत सुन सकती थी। उन्होंने गरीबों को उठाने और उनकी बदहाली दूर करने के लिए अपनी ज़िंदगी दी।

11:12 AM, 10 Oct 2022
गृह मंत्री अमित शाह पहुंचेंगे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचेंगे।

11:06 AM, 10 Oct 2022
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा – ‘मुलायम जी का निधन बेहद दुखद’

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य- मुलायम जी का निधन बेहद दुखद है। उनका इलाज चल रहा था सब इस आस में थे कि वे वापस इलाज करवाकर लौटेंगे लेकिन यह खबर आई। राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत है।

10:54 AM, 10 Oct 2022
मेदांता अस्पताल ने की मुलायम सिंह यादव के निधन की पुष्टि
मेदांता अस्पताल ने जारी किया बुलेटिन, कहा- मुलायम सिंह यादव का लंबी बीमारी के बाद आज सुबह 8:16 बजे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हुआ।

10:44 AM, 10 Oct 2022
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर ट्वीट कर संवेदना व्यक्त की

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दुख जाताया।

Earthquake in Uttarakhand: भूकंप के झटकों से कांपी उत्‍तराखंड की धरती

Leave a Reply