भाजपा ने पूरी दुनिया में बढ़ाया देश का सम्मान: अमित शाह

1067

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को आरकेजीआईटी में चल रहे महिला मोर्चा राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करने के लिए गाजियाबाद आए। उनके साथ यूपी भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद रहे। गाजियाबाद आने पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने भारत देश का सम्मान दुनिया में बढ़ाया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2019 में पार्टी की जीत के लिए महिलाओं की भूमिका को सबसे अहम होगी। भाजपा की जीत के लिए सभी को एक साथ मिलकर पंचायत से संसद तक सफलता का प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि हमें अगले 50 सालों तक सत्ता की सफलता की रणनीति बनानी होगी।

सीमा सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

अमित शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा उनकी सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विकास के द्वारा ही जनता का मन जीता जा सकता है। 2019 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए आज से ही देश के कोने-कोने तक लोगों को जागरूक करना होगा।

यूपी गेट से स्वागत का सिलसिला शुरू होकर मेरठ रोड स्थित समारोह स्थल आरकेजीआईटी कॉलेज तक जारी रहा। इस दौरान साहिबाबाद मंडी स्थल, मोहन नगर मंदिर, मेरठ रोड तिराहे, चरण सिंह प्रतिमा स्थल कट पर भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सांसद जनरल वीके सिंह, डॉक्टर सतपाल सिंह, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी, विधायक पंकज सिंह, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, प्रभारी सतेन्द्र शिशोदिया, महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, चेयरमैन रीना भाटी व शहर विधानसभा मंडल अध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply